गलत पोस्चर और घंटों लैपटॉप या मोबाइल के इस्तेमाल से सर्वाइकल पेन (Cervical Pain) की बीमारी हो सकती है। सर्वाइकल पेन के कारण न केवल गर्दन और कंधों में तेज दर्द होता है, बल्कि कई बार चक्कर भी परेशान करने लगते हैं। सर्वाइकल पेन अक्सर नसों पर दबाव (compression) की वजह से होता है। जब हम लंबे समय तक झुककर बैठते हैं, मोबाइल या लैपटॉप देखते हैं या गलत पोस्चर में रहते हैं, तो गर्दन की मांसपेशियों में खिंचाव आता है। धीरे-धीरे यह समस्या बढ़ती है और दर्द गर्दन से कंधों, पीठ और हाथों तक पहुंच सकता है। कई बार चक्कर आना, हाथों में कमजोरी और गर्दन घुमाने में भी परेशानी होती है।

एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर और कार्डियोलॉजिस्ट डॉ बिमल झाजर के मुताबिक सर्वाइकल पेन तब होता है जब गर्दन की मांसपेशियों तक जाने वाली नस पर दबाव पड़ने लगता है। सीधी भाषा में समझें तो जब हम लंबे समय तक झुककर चलते हैं, बैठते हैं, मोबाइल या लैपटॉप देखते रहते हैं तो गर्दन पर लगातार दबाव पड़ता है। यही स्ट्रेन धीरे-धीरे बढ़कर सर्वाइकल दर्द का कारण बन जाता है। छोटी-छोटी आदतें जैसे सही पोस्चर, हेल्दी डाइट और नेचुरल घरेलू उपाय आपको लंबे समय तक दर्द से दूर रख सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि सर्वाइकल पेन के लक्षण कौन-कौन से हैं और इसका घरेलू इलाज कैसे कर सकते हैं।

सर्वाइकल पेन के लक्षण

इस समस्या में सिर्फ हल्का दर्द ही नहीं होता, बल्कि कई दूसरी दिक्कतें भी हो सकती हैं जैसे

  • गर्दन और कंधों में तेज दर्द
  • हाथों में झनझनाहट या कमजोरी
  • चक्कर आना
  • सिर घुमाने में कठिनाई
  • लंबे समय तक बैठने पर दर्द बढ़ना

सर्वाइकल पेन दूर करने के लिए  हल्दी और अदरक खाएं

Journal of Medicinal Food में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक हल्दी में मौजूद करक्यूमिन शरीर में सूजन पैदा करने वाले एंजाइम जैसे COX-2 को ब्लॉक करता है। यह प्रभाव दर्द की दवा की तरह काम करता है। हल्दी और अदरक दोनों में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो दर्द और सूजन को कम करने में मदद करते हैं। अदरक में मौजूद जिंजरोल ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाता है और मांसपेशियों को रिलैक्स करता है। एक कप पानी में 1 चम्मच हल्दी और 1 चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक डालकर 5–10 मिनट उबालें। उसमें शहद और काली मिर्च मिलाकर पिएं आपको गर्दन के दर्द और सूजन से राहत मिलेगी।

दर्द के उपचार के लिए मैग्नीशियम रिच फूड्स खाएं

Journal of Inflammation Research के अनुसार, मैग्नीशियम शरीर में ‘NMDA रिसेप्टर्स’ को ब्लॉक करता है जो दर्द के सिग्नल दिमाग तक पहुंचाते हैं। मैग्नीशियम मांसपेशियों को रिलैक्स करता है और क्रैम्प्स को कम करता है। इसकी कमी से मसल्स टाइट हो जाते हैं, जिससे दर्द बढ़ता है। बॉडी में मैग्नीशियम की कमी को पूरा करने के लिए और गर्दन दर्द का इलाज करने के लिए आप डाइट में पालक,केला और दूसरी हरी सब्जियों का सेवन करें। ये फूड्स दर्द को कम करने और मसल्स को मजबूत बनाने में मदद करते हैं।

अनानास और पपीता खाएं

Biomedical Reports के अनुसार अनानास में मौजूद ‘ब्रोमेलिन’ एंजाइम खासतौर से मस्कुलोस्केलेटल (Musculoskeletal) सूजन को कम करने के लिए जाना जाता है। यह शरीर में उन रसायनों को कम करता है जो दर्द और सूजन को बढ़ावा देते हैं। अनानास और पपीता का सेवन आपको गर्दन दर्द से निजात दिला सकता है। अनानास और पपीता में ऐसे एंजाइम होते हैं जो सूजन को कम करते हैं और हीलिंग को तेज करते हैं। पाइनएप्पल में ब्रोमेलिन नाम का एंजाइम होता है, जो मांसपेशियों और जोड़ों के दर्द को कम करने में मदद करता है। इन फलों का नियमित सेवन सर्वाइकल पेन और सूजन को कम कर सकता है।

लहसुन का करें सेवन

लहसुन एक नेचुरल एंटी-इंफ्लेमेटरी फूड है, जो सूजन कम करता है और ब्लड सर्कुलेशन सुधारता है। 2–3 लहसुन की कलियां गर्म पानी में उबालकर इसका सेवन करें। यह दर्द में राहत देने में मदद करती है।

डिस्क्लेमर: 

यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। सर्वाइकल पेन के कारण आने वाले चक्कर किसी गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्या का संकेत भी हो सकते हैं। इन नुस्खों को दवा का विकल्प न समझें। यदि दर्द असहनीय है या चक्कर बार-बार आ रहे हैं, तो तुरंत किसी विशेषज्ञ डॉक्टर (Orthopedic/Neurologist) से संपर्क करें।