क्या सुबह खाली पेट नींबू पानी सभी के लिए सही है? एक्सपर्ट से जानें

नींबू पानी पोषक तत्वों से भरपूर होता है. कई लोग रोज सुबह खाली पेट इसे पीना पसंद करते हैं, लेकिन क्या यह हर किसी की सेहत के लिए सही है? आइए इस बारे में डॉ. अजय कुमार से समझते हैं.
क्या सुबह खाली पेट नींबू पानी सभी के लिए सही है? एक्सपर्ट से जानें

नींबू पानीImage Credit source: Getty Images

कई लोग रोज सुबह खाली पेट नींबू पानी पीना पसंद करते हैं और इसे हेल्दी रूटीन का हिस्सा मानते हैं. नींबू पानी पीने से शरीर को कई फायदे मिलते हैं, जैसे पाचन में सुधार, शरीर को हाइड्रेट रखना और ताजगी महसूस होना. इसमें विटामिन सी अच्छी मात्रा में होता है, जो इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करता है. यही कारण है कि यह ड्रिंक सुबह के समय काफी लोकप्रिय हो गया है. कई लोग वजन कंट्रोल और डिटॉक्स के लिए भी इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करते हैं. लेकिन हर हेल्दी चीज हर व्यक्ति के लिए सही हो, ऐसा जरूरी नहीं है.

रोज सुबह खाली पेट नींबू पानी का सेवन कुछ लोगों के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है. इसके पीछे वजह यह है कि नींबू में एसिड की मात्रा ज्यादा होती है, जो कुछ स्थितियों में शरीर पर हानिकारक असर डाल सकती है. कुछ लोगों को इसे पीने के बाद पेट में जलन, खट्टापन या असहजता महसूस हो सकती है. इसलिए इसे अपनी आदत बनाने से पहले यह समझना जरूरी है कि यह आपके शरीर के लिए सही है या नहीं. आइए जानते हैं कि नींबू पानी किसे नहीं पीना चाहिए.

सुबह खाली पेट नींबू पानी किसे नहीं पीना चाहिए?

दिल्ली एमसीडी में डॉ. अजय कुमार बताते हैं कि कुछ लोगों के लिए सुबह खाली पेट नींबू पानी पीना सही नहीं होता. जिन लोगों को एसिडिटी, गैस या पेट में जलन की समस्या रहती है, उन्हें इससे परेशानी बढ़ सकती है. नींबू का एसिड पेट में जलन को और बढ़ा सकता है. जिनका पेट सेंसिटिव होता है, उन्हें भी इसे लेने से बचना चाहिए.

इसके अलावा जिन लोगों के दांत कमजोर हैं या जिन्हें दांतों में सेंसिटिविटी की समस्या है, उनके लिए भी नींबू पानी नुकसानदायक हो सकता है, क्योंकि इसका एसिड दांतों की परत को नुकसान पहुंचा सकता है. जिन लोगों को अल्सर या पेट से जुड़ी गंभीर समस्याएं हैं, उन्हें भी डॉक्टर की सलाह के बिना इसका सेवन नहीं करना चाहिए.

क्या पिएं?

अगर नींबू पानी आपके लिए सही नहीं है, तो आप सुबह के समय अन्य हेल्दी विकल्प चुन सकते हैं जैसे गुनगुना पानी पीना एक आसान और सुरक्षित विकल्प है, जो पाचन को बेहतर बनाता है.

इसके अलावा आप सादा पानी, नारियल पानी या हर्बल ड्रिंक भी ले सकते हैं. ये शरीर को हाइड्रेट रखते हैं और बिना किसी नुकसान के फायदा पहुंचाते हैं. अपनी सेहत के अनुसार सही ड्रिंक चुनना जरूरी होता है.

ये भी जानें

नींबू पानी पीते समय मात्रा और तरीका भी मायने रखता है. इसे बहुत ज्यादा मात्रा में या बहुत खट्टा बनाकर नहीं पीना चाहिए. अगर पीना हो, तो स्ट्रॉ का इस्तेमाल करना दांतों की सुरक्षा के लिए बेहतर होता है. साथ ही, शरीर की प्रतिक्रिया को समझना जरूरी है. अगर कोई परेशानी महसूस हो, तो इसे तुरंत बंद कर देना चाहिए.


Leave a Reply