‘तुम्‍हारी बेटी खूबसूरत होगी, मेरे पास भेज देना, 10 हजार दूंगा’, हाजत में बंद महिला से ASI की डिमांड, सब सन्‍न

पुलिस को शोषितों, वंचितों और पीड़ितों का रक्षक माना जाता है. लेकिन कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं, जिनसे पुलिस खुद कठघरे में खड़ी नजर आती है. महाराष्‍ट्र में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें एक ASI ने महिला आरोपी से ऐसी डिमांड कर डाली कि अब पूरा पुलिस महकमा हरकत में आ गया है.
‘तुम्‍हारी बेटी खूबसूरत होगी, मेरे पास भेज देना, 10 हजार दूंगा’, हाजत में बंद महिला से ASI की डिमांड, सब सन्‍न

महाराष्‍ट्र में एक ASI पर महिला आरोपी से उनकी बेटी को उसके पास भेजने का प्रस्‍ताव देने का गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगा है. (सांकेतिक तस्‍वीर/AI इमेज)

अकोला. महाराष्ट्र के अकोला जिले में एक चौंकाने वाली घटना हुई है. पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक ASI पर हिरासत में ली गई महिला से उसकी बेटी को भेजने के बदले पैसे देने और यौन संबंध बनाने का नापाक प्रस्‍ताव रखने का आरोप लगा है. गंभीर आरोप सामने आने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है. भेद खुलने के बाद से ही आरोपी ASI फरार बताया जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ASI राजेश जाधव ने थाने में हिरासत के दौरान महिला से आपत्तिजनक टिप्पणी की. महिला को करीब 80 लाख रुपये के धोखाधड़ी मामले में पूछताछ के लिए लाया गया था. आरोप है कि इसी दौरान जाधव ने महिला से कहा, ‘तुम बहुत सुंदर हो, तुम्हारी बेटी भी सुंदर होगी. उसे मेरे पास भेज दो, मैं तुम्हें 10,000 रुपये दूंगा.’ इस टिप्पणी से आहत महिला ने थाने में मौजूद एक महिला पुलिस अधिकारी से शिकायत दर्ज कराई.

हरकत में पुलिस प्रशासन

शिकायत मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और अकोला के पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने तत्काल प्रभाव से आरोपी ASI को सस्‍पेंड कर दिया. ‘इंडिया टुडे’ की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी की तलाश के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है. जांच का नेतृत्व कर रहे सीनियर पुलिस इंस्‍पेक्‍टर  जुमले ने पुष्टि की कि मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कर ली गई है और आरोपी को पकड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं. उन्होंने कहा कि आरोप बेहद गंभीर हैं और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी


Leave a Reply