अक्सर कहा जाता है कि रात का खाना हल्का होना चाहिए, लेकिन कई बार काम के दबाव या थकान के कारण हम बिना खाएं ही सो जाते हैं। हैरान करने वाली बात ये है कि पूरी रात भूखे रहने के बाद भी सुबह उठते ही हमें तेज भूख महसूस नहीं होती। यह अनुभव थोड़ा अजीब लगता है, मानो जैसे शरीर ने रातों-रात खुद को रीसेट कर लिया हो। आपने कभी सोचा है कि ऐसा क्यों होता है? जीव विज्ञान (Biology) और हमारे शरीर के हॉर्मोन्स इसके पीछे एक दिलचस्प तर्क देते हैं।

हाल ही में Quora पर एक यूजर ने यही सवाल पूछा ऐसा क्यों होता है कि जब मैं बहुत भूखे सोता हूं, तो अगली सुबह मुझे भूख ही नहीं लगती? इस सवाल ने कई लोगों का ध्यान खींचा, क्योंकि ये अनुभव आम होते हुए भी समझ से परे लगता है। पारस हॉस्पिटल पंचकुला में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी में सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर मनीष काटारिया से जब हमने इस सवाल का जवाब तलाशा तो उन्होंने बताया जब आप लंबे समय तक बिना खाए रहते हैं जैसे कि रातभर भूखे सोने पर तो शरीर एक तरह से एडजस्ट करने लगता है।

बॉडी अपनी एनर्जी बचाने (energy conservation) के मोड में चली जाती है और खाली पेट सोने के बाद भी भूख नहीं लगती। आइए जानते हैं कि खाली पेट सोने के बाद भी सुबह पेट भरा हुआ लगने के लिए और कौन-कौन से कारण जिम्मेदार हो सकते हैं।

हार्मोनल बदलाव भी हैं जिम्मेदार

भूख और पेट भरे होने का एहसास शरीर के दो मुख्य हार्मोन कंट्रोल करते हैं जिन्हें घ्रेलिन (Ghrelin) और लेप्टिन (Leptin) हॉर्मोन कहते हैं। घ्रेलिन हॉर्मोन भूख बढ़ाने वाला हार्मोन है जबकि लेप्टिन हॉर्मोन पेट भरे होने का संकेत देता है। रात में भूखे सोने पर इन हार्मोन का संतुलन बदल सकता है, जिससे सुबह भूख का एहसास दब जाता है।

बॉडी का सर्वाइवल मोड

शरीर को जब लंबे समय तक भोजन नहीं मिलता, तो बॉडी सर्वाइवल मोड में चली जाती है। इसमें शरीर अपनी ऊर्जा बचाने के लिए मेटाबॉलिज्म को धीमा कर देता है और भूख के संकेत कम हो जाते हैं।

रात को भूखे सोने की आदत ठीक है क्या?

डॉक्टरों का मानना है कि कभी-कभार ऐसा होना नॉर्मल है, लेकिन बार-बार भूखे सोना सेहत के लिए ठीक नहीं है। रोजाना रात में भूखे सोने से मेटाबॉलिज्म स्लो होने लगता है और ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने लगता है। रात को भूखे सोने से पाचन पर भी असर पड़ता है।

रात में खाना कैसा खाएं कि बॉडी को फायदा हो?

सोने से पहले हल्का और हेल्दी स्नैक लें, सोने से पहले भारी,मसालेदार भोजन से परहेज करें। इस तरह का खाना आपका पाचन बिगाड़ सकता है। दिनभर संतुलित डाइट लें। लंबे समय तक खाली पेट रहने से बचें। इससे पाचन तंत्र प्रभावित हो सकता है और ब्लड शुगर का स्तर असंतुलित हो सकता है, जो लंबे समय में स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है।

डिस्क्लेमर:

यह लेख सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या डाइट से जुड़े बदलाव के लिए विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।