आजकल बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में आंखों की कमजोरी आम हो गई है। खराब डाइट और बिगड़ता लाइफस्टाइल इसके बड़े कारण हैं। विटामिन A, C, E, ओमेगा-3 और जिंक की कमी आंखों की रोशनी को प्रभावित करती है। लंबे समय तक मोबाइल, टीवी और कंप्यूटर देखने से आंखों पर जोर पड़ता है। कम नींद, थकान, धूप की कमी और स्क्रीन या किताब को बहुत पास से देखने की आदत भी नजर कमजोर करती है। अगर आपको धुंधला दिखाई देता है, या अखबार और मोबाइल पढ़ने में परेशानी होती है, तो कुछ आसान आयुर्वेदिक उपाय आपकी मदद कर सकते हैं।

आयुर्वेद विशेषज्ञ आचार्य बालकृष्ण के अनुसार कुछ घरेलू नुस्खों को अपनाकर आंखों की रोशनी बेहतर की जा सकती है। आचार्य बालकृष्ण के अनुसार सौंफ आंखों की रोशनी बढ़ाने में मददगार हो सकती है। उनका कहना है कि सौंफ का चूर्ण बनाकर सुबह-शाम पानी के साथ लेने से नजर की कमजोरी और धुंधलापन कम हो सकता है। ये उपाय न केवल नजर को मजबूत बनाते हैं, बल्कि आंखों की थकान, जलन और पानी आने जैसी समस्याओं से भी राहत दिलाते हैं। आइए जानते हैं कि सौंफ का सेवन कैसे आंखों की रोशनी बढ़ाने में असरदार होता है।

सौंफ आंखों की रोशनी पर कैसे असर डालती है?

सौंफ में विटामिन A, विटामिन C, कैल्शियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो आंखों की सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। खासतौर पर विटामिन A रेटिना को स्वस्थ रखने में मदद करता है और इसकी कमी से रात में कम दिखाई देने की समस्या हो सकती है। आयुर्वेद में सौंफ को आंखों के लिए लाभकारी बताया गया है।

Journal of Ophthalmology के अनुसार, विटामिन-A आंखों के रेटिना को स्वस्थ रखने और कम रोशनी में बेहतर देखने के लिए जरूरी है। सौंफ में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स आंखों की नाजुक नसों को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाते हैं। Journal of Herbmed Pharmacology में प्रकाशित कुछ अध्ययनों के अनुसार, सौंफ के अर्क में इंट्राओकेुलर प्रेशर यानी आंखों के अंदर के दबाव को कम करने के गुण पाए गए हैं। आंखों के अंदर बढ़ता दबाव ग्लूकोमा का मुख्य कारण है, जिससे आंखों की रोशनी जा सकती है। सौंफ इस दबाव को कंट्रोल कर विजन में सुधार करता है। सौंफ के पानी में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। कंप्यूटर या मोबाइल के ज्यादा इस्तेमाल से होने वाली आंखों की जलन और ड्राई आई की समस्या में सौंफ का सेवन आंखों को ठंडक पहुंचाता है।

सौंफ सेहत के लिए कैसे फायदेमंद है?

रोजाना सौंफ का सेवन कई तरह से शरीर को फायदा पहुंचा सकता है। ये पाचन को बेहतर बनाता है। खाने के बाद सौंफ का सेवन पेट की गैस, अपच और एसिडिटी जैसी समस्याओं से बचाव करता है। सौंफ पेट को ठंडक देती है और भूख बढ़ाने में भी मददगार होती है। सौंफ का सेवन करने से ओरल हेल्थ दुरुस्त रहती है। इसे चबाने से मुंह की बदबू दूर होती है, मसूड़े मजबूत होते हैं और सांसों में ताजगी आती है। यह मतली और उल्टी में भी राहत पहुंचा सकती है।

इसके अलावा, सौंफ में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट स्किन की रंगत निखारने और झुर्रियों को कम करने में मददगार होते हैं। कुछ अध्ययनों के अनुसार, सौंफ ब्लड शुगर को संतुलित रखने में भी मदद कर सकती है, जिससे यह डायबिटीज मरीजों के लिए लाभकारी मानी जाती है।

डिस्क्लेमर

यह लेख सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। इसमें बताए गए उपाय और फायदे पारंपरिक मान्यताओं व सीमित शोध पर आधारित हैं। सौंफ का सेवन किसी भी बीमारी का इलाज नहीं है। आंखों या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए डॉक्टर या योग्य आयुर्वेद विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है। विशेषकर यदि आप पहले से किसी बीमारी या दवा का सेवन कर रहे हैं, तो बिना परामर्श के कोई भी उपाय न अपनाएं