KIMS Hospitals, ठाणे में चीफ डाइटीशियन अमरीन शेख के अनुसार सही और संतुलित तरीके से ड्राई फ्रूट्स का सेवन करना जरूरी है। अमरीन शेख बताती हैं कि सभी सूखे मेवे एक जैसे नहीं होते। दिल के मरीजों को खासतौर पर बादाम, अखरोट और पिस्ता जैसे नट्स पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि इनमें हेल्दी फैट, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो दिल की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।

एक्सपर्ट ने बताया कुछ नट्स ऐसे हैं जिनमें अनसैचुरेटेड फैट्स मौजूद होता है जो कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद करता है। एक्सपर्ट ने बताया किशमिश और अंजीर जैसे नेचुरल रूप से सूखे फलों का सेवन भी सीमित मात्रा में करना चाहिए, क्योंकि इनमें फाइबर और जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि कौन-कौन से ड्राई फ्रूट्स का सेवन हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को करना चाहिए और किन से परहेज करना चाहिए।

हाई बीपी के मरीज किन ड्राई फ्रूट्स से करें परहेज

एक्सपर्ट के मुताबिक ज्यादा मीठे, कैंडी वाले या नमक मिलाए गए ड्राई फ्रूट्स का सेवन हाई बीपी के मरीज खाने से बचें। इनमें अतिरिक्त शुगर और सोडियम होता है, जो दिल की सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकता है। कुछ ड्राई फ्रूट्स जैसे नमकीन काजू, बादाम, पिस्ता का सेवन करने से परहेज करें। इनमें सोडियम ज्यादा होता है, जो बीपी बढ़ाता है। अगर आप ड्राई फ्रूट खाना चाहते हैं तो बिना नमक वाले विकल्प को चुनें।  प्रोसेस्ड और फ्लेवर वाले ड्राई फ्रूट्स से परहेज करें। हनी-रोस्टेड, चिली फ्लेवर, मसालेदार ड्राई फ्रूट्स में छिपा नमक और शुगर दोनों हो सकते हैं जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं। काजू का सीमित सेवन करें इसमें फैट ज्यादा होता है जिसे खाने से वजन बढ़ सकता है जो बीपी कंट्रोल बिगाड़ सकता है शक्कर मिले सूखे फल जैसे मीठी किशमिश, टुट्टी-फ्रुट्टी, शुगर-कोटेड ड्राई फ्रूट्स में ज्यादा शुगर होती है जो वजन और बीपी दोनों पर असर डालती है।

ड्राई फ्रूट की नेचुरल शुगर भी हो सकती है नुकसानदेह

सूखे फलों में नेचुरल शुगर अधिक मात्रा में होती है, इसलिए खासकर डायबिटीज या मेटाबॉलिक समस्याओं वाले लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि ड्राई फ्रूट्स को खाली पेट खाने के बजाय नट्स के साथ या भोजन के बाद लेना बेहतर होता है, ताकि ब्लड शुगर अचानक न बढ़े।

क्या ड्राई फ्रूट्स से ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल हो सकता है?

सही मात्रा और सही तरीके से सूखे मेवे खाने पर सेहत को फायदा मिल सकता हैं। खासकर अखरोट और बादाम में मौजूद हेल्दी फैट्स समय के साथ कोलेस्ट्रॉल को बेहतर करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा, पोटैशियम से भरपूर ड्राई फ्रूट्स जैसे किशमिश और खुबानी ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मददगार हो सकते हैं। हालांकि इसके लिए नियमित और सीमित मात्रा में सेवन जरूरी है।

कितनी मात्रा है सही?

एक्सपर्ट के मुताबिक रोजाना 5 से 10 नट्स या 1 से 2 टेबल स्पून ड्राई फ्रूट्स लेना सुरक्षित माना जाता है। ज्यादा मात्रा में सेवन करने से शरीर में अतिरिक्त कैलोरी जमा हो सकती है, जिससे वजन बढ़ने का खतरा रहता है। वजन बढ़ना दिल की बीमारियों का एक बड़ा जोखिम कारक है। इसलिए, ड्राई फ्रूट्स को हमेशा संतुलित मात्रा में ही खाना चाहिए।

डिस्क्लेमर: 

यह जानकारी सार्वजनिक स्रोतों और विशेषज्ञों की सलाह पर आधारित है। किसी भी बदलाव से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें