लौकी एक ऐसी सब्जी है जो गर्मी में एक शक्तिशाली औषधि की तरह काम करती है। ठंडी तासीर की ये सब्जी दिल की सेहत से लेकर पाचन तक को दुरुस्त करती है। आधुनिक रिसर्च के मुताबिक लौकी के अनगिनत फायदे हैं। इस सब्जी को इस्तेमाल करने का एक गोल्डन रूल भी है,अगर लौकी कड़वी है, तो यह फायदे की जगह जानलेवा भी हो सकती है। पारस हेल्थ, उदयपुर में इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी में डायरेक्टर व HOD  डॉ. अमित खंडेलवाल ने लौकी के बड़े फायदों के बारे में बताया है जो सेहत पर सकारात्मक असर करते हैं।

लौकी, जिसे घिया या दूधी भी कहा जाता है, एक बेहद हेल्दी सब्जी मानी जाती है। इसमें पानी की मात्रा अधिक, कैलोरी बेहद कम और कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं। ये सब्जी पाचन में सुधार करती है और वजन को घटाने में मदद करती है। वजन घटाने, डायबिटीज कंट्रोल और दिल की सेहत तक में असरदार है। लौकी का इस्तेमाल पारंपरिक खानपान और घरेलू नुस्खों में सदियों से किया जाता रहा है। लौकी का सेवन लोग उसकी सब्जी और जूस दोनों तरह करते हैं। आइए जानते हैं कि लौकी का सेवन गर्मी में करने से सेहत को कौन-कौन से फायदे होते हैं।

लौकी कैसे गर्मी में राहत देती है, रिसर्च से समझें

गर्मियों में पसीने के साथ शरीर से सोडियम और पोटैशियम जैसे जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स निकल जाते हैं। Journal of Food Science and Technology की रिसर्च बताती है कि लौकी इन खनिजों की तुरंत पूर्ति कर डिहाइड्रेशन को कंट्रोल करती है। इसकी ठंडी तासीर और अधिक पानी की मात्रा इसे गर्मियों के लिए बेहतरीन फूड बनाती है।

लौकी की न्यूट्रिशन वैल्यू

लौकी में पानी: 90–92%
फाइबर: पाचन सुधारता है
विटामिन C: इम्यूनिटी बढ़ाता है
विटामिन B: मेटाबॉलिज्म सपोर्ट करता है
पोटैशियम: ब्लड प्रेशर कंट्रोल करता है
आयरन: ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करता है

लौकी के जबरदस्त फायदे

वजन घटाने में लौकी का सेवन बेहद मददगार है। लौकी में कम कैलोरी, ज्यादा पानी होता है जो पेट भरा रखता है। इसमें मौजूद फाइबर ओवरईटिंग कंट्रोल करता है। ये शरीर को अंदर से AC की तरह ठंडा रखती है। लौकी का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) बहुत कम होता है जो डायबिटीज कंट्रोल करता है। इसमें मौजूद पानी और फाइबर खून में शुगर के अवशोषण (Absorption) की गति को धीमा कर देते हैं। कई रिसर्च में ये पाया गया है कि खाली पेट लौकी का जूस पीने से टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों में फास्टिंग शुगर लेवल को संतुलित रखने में मदद मिलती है।

लौकी में मौजूद पोटैशियम ब्लड प्रेशर कंट्रोल करता है। इसमें मौजूद फाइबर खराब कोलेस्ट्रॉल कम करता है।  लो फैट ये सब्जी दिल के लिए बेहतरीन साबित होती है। इसे खाने से कब्ज, गैस और आंतों की परेशानियां दूर होती है। ये खराब पाचन के लिए बेस्ट है। ये शरीर की सफाई करती है और लिवर को डिटॉक्स करती है। इसे खाने से मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और सूजन कंट्रोल रहती है। किडनी हेल्थ के लिए भी ये फायदेमंद है। ये फ्लूड बैलेंस बनाए रखती है। स्किन और बालों के लिए भी ये फायदेमंद है।

जरूरी सावधानियां

जूस बनाने से पहले लौकी चखें। कड़वी लौकी का सेवन न करें, सिर्फ ताजा जूस ही पिएं। जिन लोगों को एलर्जी है या दवा का सेवन कर रहे हैं उन्हें लौकी का सेवन डॉक्टर की सलाह से करना चाहिए। जिन्हें पाचन से जुड़ी परेशानियां है वो भी लौकी का सेवन संभल कर करें।

निष्कर्ष

लौकी एक सस्ती, आसानी से मिलने वाली और बेहद हेल्दी सब्जी है। यह पाचन, वजन, डायबिटीज और दिल की सेहत के लिए फायदेमंद है। नियमित और सही तरीके से सेवन करने पर यह आपकी ओवरऑल हेल्थ को बेहतर बना सकती है